धनबाद(DHANBAD):धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को चालू कराने की मांग को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह मुख्य मार्ग पर 24 घंटे का अनशन शुरू कर दिया है. केंदुआडीह स्थित बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क पर चल रहे इस धरना-प्रदर्शन को स्थानीय लोगों, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के चेंबर ऑफ कॉमर्स का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है.
आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने इसे जनआंदोलन का रूप दे दिया है.बता दें कि पिछले दिनों जिला प्रशासन द्वारा हाई लेवल मीटिंग कर समाधान निकालने का आश्वासन दिए जाने के बाद विधायक ने अपना अनिश्चितकालीन धरना स्थगित किया था. लेकिन बैठक नहीं होने और जिला प्रशासन व बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने के कारण विधायक ने दोबारा आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया.
सड़क बंद होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित
धरना स्थल पर मीडिया से बात करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सड़क बंद होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है. यह मार्ग धनबाद, बोकारो, रांची और जमशेदपुर को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन है लेकिन एक महीने से बंद रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि यह सड़क सरकारी संपत्ति है और इसे जल्द से जल्द चालू किया जाना चाहिए.विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासन और राज्य सरकार इस मामले में निष्क्रिय बनी हुई है. उन्होंने कहा कि हाल ही में माडा द्वारा भू -धंसान क्षेत्र में सड़क के पास दोनों ओर लगभग 15 फीट तक खुदाई की गई लेकिन यहां किसी तरह का बड़ा खतरा दिखाई नहीं दिया. ऐसे में सड़क बंद रखने के पीछे साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
विधायक राज सिन्हा का अनशन शुरू
राज सिन्हा ने कहा कि जनता की परेशानियों को देखते हुए वे 24 घंटे तक बिना अन्न-जल ग्रहण किए अनशन पर बैठे रहेंगे. इसके बाद भी यदि कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आगे की रणनीति तय की जाएगी.धरना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी सड़क को जल्द खोलने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.
रिपोर्ट-नीरज कुमार