चतरा (CHATRA): चतरा में सक्रिय नशे के सौदागरों के विरुद्ध पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अफीम बरामद हुआ है. सिमरिया के शिला ओपी पुलिस ने सिमरिया-हजारीबाग मुख्य पथ पर वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्कूटी से तस्करी कर ले जा रहे प्रतिबंधित अफीम की खेप बरामद की है. साथ ही दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है.
गिरफ्तार दोनों तस्कर पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के मेरमगड्डा गांव के रहने वाले हैं. इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार दोनों तस्करों के पास से स्कूटी के डिक्की में छिपाकर रखे गए 2 किलो प्रतिबंधित अफीम बरामद किया है. अफीम बनाने मे प्रयुक्त किये जाने वाले 500 ग्राम सफेद पाउडर के आलावे एक मोबाइल फोन व तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद किया है. गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस के पूछताछ के दौरान बताया कि जब्त अफीम की खेप को तस्करी कर हजारीबाग की ओर ले जा रहे थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देते हुए सिमरिया एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा के लिए उन्हें जेल भेज दिया गया है.
रिपोर्ट:संतोष कुमार
