धनबाद(DHANBAD): सोमवार की सुबह भागाबांध के केंदुआडीह बस्ती के समीप पुलिस एनकाउंटर में घायल प्रिंस खान के तीन गुर्गो का इलाज धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. विक्की डोम के पैर में गोली लगी है. अमन कुमार सिंह उर्फ़ कुबेर के पैर में भी गोली लगी है. तीसरा भागने के क्रम में चोटिल हुआ है. इधर, अपराधियों के भर्ती होने के कारण अस्पताल पर पुलिस की कड़ी निगरानी है. इस बीच 8 मार्च को पुलिस की गोली से घायल सुदेश ओझा को सोमवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के हाथ लगी है कई महत्वपूर्ण जानकारी
सूत्र बता रहे हैं कि सुधीश ओझा से पुलिस को गिरोह के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है. पुलिस उन जानकारी के सत्यापन के साथ कार्रवाई के लिए सक्रिय हो गई है. सूत्रों के अनुसार सुधीश ओझा रंगदारी के पैसे की वसूली करता था. 8 मार्च को भी वह धनबाद के भुईंफोड़ में रंगदारी का पैसा लेने ही पहुंचा था. लेकिन वहां एंबुश लगाए पुलिस टीम के साथ उसकी भिड़ंत हो गई. वह पुलिस पर गोली और बम चलाया, जवाबी कार्रवाई में सुधीश ओझा के पैर में गोली लगी और उसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. इसका एक साथी दिलीप सिंह भागने में सफल हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे भी बाद में गिरफ्तार कर लिया। दिलीप सिंह भी फिलहाल जेल में है. इस घटना में सरायढेला थाना के एक दारोगा भी घायल हो गए थे.
आठ दिनों तक इलाज के बाद हुई पेशी
बता दें कि आठ दिनों तक इलाज के बाद सोमवार को पुलिस ने सुधीश ओझा को न्यायालय में पेश किया। व्हीलचेयर पर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वह न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दरअसल, धनबाद पुलिस प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ एक्शन तेज कर दिया है. सोमवार की सुबह रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रिंस खान गैंग के तीन लोग पकड़े गए थे. एनकाउंटर में दो को गोली लगी थी, जबकि तीसरा भागने के क्रम में चोटिल हो गया था. इस एनकाउंटर में अमन कुमार सिंह उर्फ कुबेर भी घायल हुआ है. वह पलामू का रहने वाला है और वह प्रिंस खान गिरोह का मुख्य हैंडलर बताया जाता है. पुलिस को उनके पास से कई मोबाइल भी बरामद हुए हैं. उन मोबाइल में कई जानकारियां उपलब्ध हैं.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो