रांची(RANCHI): रांची में पेट्रोल संकट की आशंका ने गुरुवार को ऐसा माहौल बना दिया कि शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. सुबह से ही वाहन चालकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो शाम तक जारी रहीं. खासकर लोवाडीह दुर्गा सोरेन चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर हालात सबसे ज्यादा बिगड़े नजर आए. यहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे लोगों की भीड़ इतनी अधिक हो गई कि पंप संचालकों और कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.हालांकि पुरे पैनिक हालत पर पेट्रोलियम डिलर्स एसोसिशन ने अपील की है कि तेल की कोई कमी नहीं है. घबराए नहीं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहन चालक सुबह से ही पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगे हुए थे. भीड़ के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आसपास के इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ. लोगों में इस बात को लेकर ज्यादा नाराजगी दिखी कि पंप पर सामान्य पेट्रोल उपलब्ध नहीं था और सिर्फ पावर पेट्रोल ही दिया जा रहा था. इससे ग्राहकों का गुस्सा और बढ़ गया.
लाइन में खड़े एक वाहन चालक ने बताया कि वह लगभग एक घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक पेट्रोल नहीं मिल पाया है. उनका कहना था कि अगर पहले ही यह जानकारी दे दी जाती कि सामान्य पेट्रोल उपलब्ध नहीं है, तो लोग दूसरे पंपों की ओर चले जाते. कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पेट्रोल की कमी की स्पष्ट सूचना नहीं दिए जाने से भीड़ और भ्रम की स्थिति पैदा हुई.
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ ग्राहकों और पंप कर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते तू-तू मैं-मैं की स्थिति बन गई. हालांकि पंप कर्मचारियों ने लोगों को शांत कराने और लाइन व्यवस्थित रखने की कोशिश की, लेकिन लगातार बढ़ती भीड़ के कारण व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया.
शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी कमोबेश यही हाल देखने को मिला. कई जगह दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. लोगों में यह डर साफ नजर आया कि कहीं पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित न हो जाए. इसी आशंका के चलते लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर उमड़ पड़े.फिलहाल प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से किसी बड़े संकट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अफवाहों और आशंकाओं ने शहर में पैनिक जैसी स्थिति जरूर पैदा कर दी है.
तेल की नहीं है कोई कमी
झारखण्ड के अधिकतर पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ और तेल भरवाने की होड़ के बीच अब झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने जनता से पैनिक नहीं और पैनिक बाइंग से बचने की अपील की है.
एसोसिएशन का कहना है कि राज्य में पेट्रोल और डीज़ल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई चैन पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.ईंधन की कमी को लेकर फैली अफवाहों के चलते आज धनबाद के ज्यादतर पेट्रोल पंपों पर भीड़ और लंबी लाइनें सचमुच चिंता का विषय बनी हुई हैं। यह स्थिति मुख्य रूप से अफवाहों, पैनिक बाइंग के कारण पैदा हुई है।अब इस अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए झारखण्ड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन आगे आया है।एसोसिएशन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष का कहना है कि राज्य में पेट्रोल और डीज़ल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। बीते कुछ घंटों में कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोग जल्दबाज़ी में अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने पहुंच रहे हैं। इस पैनिक बाइंग की वजह से कई जगहों पर अनावश्यक दबाव की स्थिति बन गई है.लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही ईंधन खरीदें. ऑयल कंपनियों की ओर से नियमित सप्लाई जारी है और किसी तरह का संकट नहीं है.
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ऑयल कम्पनियों ने अधिक तेल आपूर्ति की है.एसोसिएशन के अनुसार भारत पेट्रोलियम ने पिछले वर्ष अप्रैल माह में 47 हजार 3 सौ 8 केएल डीजल की आपूर्ति की थी जबकि इस वर्ष अप्रैल में 52 हजार 1 सौ 89 केएल तेल की आपूर्ति की.इसी तरह हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पिछले साल 33 हजार केएल और इस वर्ष अप्रैल में 44 हजार केएल तेल की आपूर्ति पुरे झारखण्ड में की।इंडियन ऑयल ने भी बढ़त बनाई. रिलाईनस ने भी कटौती नहीं की जबकि नायरा ऑयल कंपनी ने कटौती की है।एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि परसो तक पँपो पर लाईन नहीं थी. प्रधानमंत्री के एक अपील के बाद लोगों में एक आभास बना कि कही न कही तेल के दाम बढ़ सकते हैं और इस वजह से पंपो का रुख करने लगे.
एसोसिएशन ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह का संकट नहीं है ऑयल कंपनियां पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीज़ल की आपूर्ति कर रही हैं। लोग पैनिक होने से बचें.