पलामू (PALAMU): सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में समता स्कूल की बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई है. यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवक घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह दुर्घटना अखौरी खाप गांव के पास हुई, जहां एक ही बाइक पर सवार दो युवक गुजर रहे थे. इसी दौरान समता स्कूल की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े. घायलों की पहचान बिहार के बरई खाप निवासी सुरेश राम और टंडवा नवीनगर के विकास कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुरेश राम की हालत ज्यादा गंभीर है, जबकि विकास कुमार को भी चोटें आई हैं. दोनों युवक किसी रिश्तेदार से मिलने इस इलाके में आए हुए थे.
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई. लोगों ने स्कूल बस चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.