पलामू(PALAMU):जिला के हैदरनगर बस स्टैंड के समीप बिजली पोल की चिंगारी से तीन दुकानों में आग लग गई, आग लगने से करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति जल कर हुई खाक हो गई है.घटना सोमवार सुबह 3:00बजे की है.गश्त लगा रही हैदरनगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई. थाना पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर आग पर काबू पाया.
बताया जा रहा है कि बिजली पोल में शॉट सर्किट से आग लगी है. आग से शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज व सलाम ऑटो गैरेज पूरी तरह खाक हो गया है.एक दुकान में रखा एक एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट होने से आस पास के घरों के खिड़की दरवाजे हिल गए. इस घटना में पुलिस कर्मियों ने आग बुझने का प्रयास किया.उन्हें अचानक कुछ लोगों ने बताया कि दुकान में एक एलपीजी सिलेंडर भी है. जैसे ही पुलिस पीछे हटी,ब्लास्ट हो गया,पुलिस कर्मी बाल बाल बचे.
थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि दुकानदारों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना में 3 ऑटो, 3 बाइक और करीब 3 लाख रुपए का टायर के अलावा अन्य सामान जलकर खाक हो गया है. मौके पर मौजूद एसआई आजम अंसारी ने बताया कि आग लगने की घटना सुबह करीब 3:11 बजे की है. उस वक्त वह गश्ति के दौरान वहीं मौजूद थे. उन्होंने बताया कि उन्होंने जवानों के साथ आग बुझाने का पूरा प्रयास किया साथ ही फायर ब्रिगेड और उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना दी. आग पर समय रहते काबू नहीं किया जाता तो अन्य कई दुकानें भी चपेट में आ सकती थी.जिन लोगों की दुकानें जली वह पूरी तरह सड़क पर आ गए.उनकी रोजी रोटी ही चली गई.उनके घरों में ग़म का माहौल है.