पलामू (PALAMU): जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरटांड़ गांव में एक महिला ने अपने ही ससुर पर छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पीड़िता सीमा देवी द्वारा चैनपुर थाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना 8 मई 2026 की सुबह की है. महिला का आरोप है कि उसके ससुर लक्ष्मण राम चंद्रवंशी ने लोहे की छड़ मांगने के बहाने उसे अपने पास बुलाया. जब वह वहां पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया.
महिला ने आरोप लगाया कि ससुर ने पहले गाली-गलौज की और फिर गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया. विरोध करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान उसने गला दबाकर हत्या करने की भी कोशिश की. हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों की मदद से थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 115(2), 118(1), 126(2), 74, 109, 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की. थाना प्रभारी के निर्देश पर मामले की जांच एएसआई बीरेंद्र राम को सौंपी गई.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण राम चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक रिश्तों में इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं. वहीं पीड़िता ने पुलिस से न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.