पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में बीजीआर माइनिंग कंपनी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, 14 मई की रात बीजीआर कंपनी द्वारा ब्रिज नंबर-02 पर चल रहे सड़क और पुल निर्माण कार्य में तैनात गार्ड को दो अज्ञात लोगों ने एक पर्चा दिया था. पर्चे में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और टीपीसी के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी.
दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में कंपनी के अधिकारी के लिखित आवेदन पर अमड़ापाड़ा थाना में केस दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया.पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.
पढ़िए कहां के रहनेवाले है आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद हांसदा उर्फ चुटराय और चानुस सोरेन के रूप में हुई है.दोनों अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले है. पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
रिपोर्ट-विकास कुमार