पाकुड़ (PAKUR): जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया, जिसमें बड़ी सफलता हासिल हुई है. पाकुड़ पुलिस ने पिछले 10 महीनों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 76 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया है.
यह अभियान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के नेतृत्व में चलाया गया. जानकारी के अनुसार, जिले में दर्ज कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई थी. इसके तहत 1 जून 2025 से 4 अप्रैल 2026 तक लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया गया.
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कई स्थानों पर दबिश दी. अभियान के दौरान पकड़े गए सभी 76 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई से न केवल फरार अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है, बल्कि जिले में कानून का भय भी मजबूत हुआ है.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों में कमी आएगी. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी से आम लोगों में भी सुरक्षा की भावना बढ़ी है. पाकुड़ पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा. फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके.
रिपोर्ट: विकास कुमार