पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ में नगरपालिका आम चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार में शपथ ग्रहण और उपाध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्षा शबरी पाल और 21 वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली.सभी जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास और जनता के हित में काम करने की प्रतिबद्धता जताई.शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया गया। इस पद के लिए राणा ओझा और रुपाली सरकार ने नामांकन दाखिल किया था.जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में सभी वार्ड पार्षदों ने मतदान किया.
राणा ओझा बने पाकुड़ नगर परिषद के उपाध्यक्ष
मतगणना के बाद दोनों उम्मीदवारों को 10-10 मत मिले, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया.मत बराबर होने की स्थिति में चुनाव नियम के अनुसार लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई. लॉटरी के जरिए राणा ओझा को नगर परिषद पाकुड़ का उपाध्यक्ष घोषित किया गया. परिणाम घोषित होने के बाद राणा ओझा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न
इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे.कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी सहित कई अधिकारी और सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद मौजूद थे.प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया.
रिपोर्ट: विकास कुमार
