रांची(RANCHI): ऑनलाइन गेमिंग की लत एक बार फिर परिवार के लिए भारी मुसीबत बन गई. रांची से लापता 15 वर्षीय छात्र आशविन आनंद को रांची पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाबालिग ऑनलाइन गेम STAKE में भारी रकम हार चुका था, जिससे वह मानसिक तनाव में था और इसी दबाव में बिना किसी को बताए घर से निकल गया.
घटना 24 मई की बताई जा रही है, जब आशविन आनंद अचानक घर से लापता हो गया. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब काफी कोशिशों के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.
सदर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी शुरू की. मोबाइल लोकेशन और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को संकेत मिले कि नाबालिग दिल्ली में मौजूद हो सकता है. इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दिल्ली पहुंचकर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के कारण बच्चे को बिना किसी नुकसान के वापस लाया जा सका. उसे सुरक्षित रांची लाकर परिजनों के सौप दिया गया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली. यह पूरा मामला एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत और उससे जुड़ी गंभीर समस्याओं की ओर इशारा करता है. ऐसे गेम्स में पैसे हारने के बाद कई बार किशोर मानसिक तनाव, डर और गलत फैसलों की ओर बढ़ जाते हैं.
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर विशेष नजर रखें. साथ ही उन्हें समझाएं कि किसी भी तरह के ऑनलाइन गेम या बेटिंग प्लेटफॉर्म से दूरी बनाए रखना जरूरी है. यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए चेतावनी है, बल्कि पूरे समाज के लिए भी एक संदेश है कि डिजिटल दुनिया में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी बेहद जरूरी हो गई है.