हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चरही पुलिस थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर एक दर्जन से अधिक छात्राओं ने छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार के आरोप लगाए हैं. घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ चरही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इससे पहले 11 अप्रैल को इस मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन पर भी दी गई थी. शिकायत सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड लाइन और बाल कल्याण समिति ने भी सक्रियता दिखाई है. संबंधित एजेंसियां प्रारंभिक शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं. छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और स्कूल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य लंबे समय से उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें डराया-धमकाया गया और घर पर जानकारी देने से रोका गया. आरोप है कि प्राचार्य उन्हें परिणाम भुगतने की धमकी भी देता था, जिससे छात्राएं मानसिक दबाव में थीं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और हर पहलू से जांच की जा रही है. सभी आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकारी स्कूलों में छात्राएं सुरक्षित हैं. अभिभावक अब स्कूल प्रशासन और संबंधित विभागों से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.