पलामू (PALAMU): सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार की देर शाम कजरात नवाडीह स्टेशन पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में 18612 बनारस - रांची एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए रवाना कर इस ट्रेन के कजरात नवाडीह स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ किया. इस अवसर पर अपने संबोधन में सांसद विष्णु दयाल राम ने रेलवे के तरफ से किए गए विकास कार्यों सहित रांची- बनारस- रांची एक्सप्रेस के कजरात नवाडीह स्टेशन पर ठहराव दिए जाने के लिए रेलवे की सराहना की. इस ट्रेन का कजरात नवाडीह स्टेशन पर ठहराव शुरू हो जाने से आसपास के क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी. इस अवसर पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के विभिन्न रेल अधिकारी व आम यात्री उपस्थित रहे.
कजरात नवाडीह स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव
बता दें कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 18611/18612 रांची-बनारस-रांची एक्सप्रेस ट्रेन का पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के कजरात नवाडीह स्टेशन पर 07 अगस्त 2022, बुधवार से दो मिनट का ठहराव प्रदान किया गया.इस ठहराव के साथ 18611ले रांची-बनारस एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 04:36 बजे कजरात नवाडीह स्टेशन पहुंचकर 04:38 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी. इसी प्रकार 18612 बनारस - रांची एक्सप्रेस ट्रेन शाम को 18:56 बजे कजरात नवाडीह स्टेशन पहुंचकर 18:58 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी. ट्रेन के ठहराव कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण काफी खुश दिखे. उन्होंने ट्रेन के ठहराव के लिए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम का जोरदार स्वागत करने के साथ उनका आभार व्यक्त किया. इस मौके पर स्थानीय भाजपा नेता कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जफर हुसैन, पलामू
