धनबाद(DHANBAD):जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद अपराधी भी पुलिस के लिए परेशानी की वजह बन गए है. इसी सूचना पर एक दिन पहले देर रात को घाघीडीह जेल में अधिकारियों ने औचक जांच की. जैसी सूचना है कि फिलहाल घाघीडीह जेल में बंद अमन सिंह और आजीवन कारावास की सजा काट रहे वासेपुर के डॉन फहीम खान से पुलिस ने पूछताछ की.
कुख्यात अमन सिंह की हो सकती है सातवीं जेल शिफ्टिंग
जांच के क्रम में अधिकारियों ने जेल के कोने-कोने को छान मारा लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ. हो सकता है कि छापेमारी की सूचना लीक हो गई हो. पुलिस को शक है कि जेल में बंद अपराधियों की योजना से ही अपराध की घटनाएं हो रही हैं. इधर, ये भी जानकारी मिली है कि अमन सिंह को घाघीडीह जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा सकता है .
14 जुलाई तक अमन सिंह को धनबाद लाया जा सकता है
सूत्रों के अनुसार 14 जुलाई तक अमन सिंह को धनबाद लाया जा सकता है .अगर अमन सिंह 14 जुलाई तक धनबाद जेल आता है, तो ये उसकी सातवीं जेल शिफ्टिंग होगी. नीरज सिंह हत्याकांड में नाम आने के बाद 3 मई 2017 को यूपी के एसटीएफ ने उसे मिर्जापुर से गिरफ्तार किया था. वो दुमका जेल में भी रह चुका है. हजारीबाग जेल में भी रह चुका है. घाघीडीह जेल में तो अभी है ही. चाईबासा जेल भी उसे भेजा गया था. कोयलांचल में अमन सिंह का गैंग आतंक बना हुआ है.
हाल ही के दिनों में अमन सिंह गैंग के 10 लोगों हुए थे गिरफ्तार
प्रिंस खान के गैंग से भी धनबाद कोयलांचल परेशान है. अभी हाल ही के दिनों में अमन सिंह गैंग के 10 लोगों को विभिन्न जगहों से धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था. जबकि प्रिंस खान गैंग के भी कई शातिर अपराधियों को धनबाद पुलिस ने जेल भेजा है. धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान के आर्थिक तंत्र को तोड़ दिया गया है.
रिपोर्ट-सत्यभूषण सिंह