चाइबासा(CHAIBASA): पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. कोबरा 209 बटालियन के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन के तहत सारंडा और टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के रूटुगुटू जंगल में सर्च अभियान चलाया गया. हाल ही में हुई मुठभेड़ के बाद यह फॉलो-अप कार्रवाई की गई. इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. चाइबासा एसपी अमित रेणु ने इसकी पुष्टि की है. देर शाम तक चाइबासा पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी. इस संबंध में एक कैसे दर्ज किया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान एक एसएलआर राइफल, उसकी मैगजीन और जिंदा कारतूस मिले हैं. इसके साथ करीब 182 राउंड एसएलआर गोली, कुछ खाली कारतूस और एक कार्बाइन हथियार भी बरामद किया गया है. इसके अलावा एक एके-47 रायफल का खाली केस भी मिला है. सुरक्षाबलों ने विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है.
किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे नक्सली
सुरक्षाबलों का मानना है किनक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे. लेकिन इसे समय रहते विफल कर दिया गया. पिट्ठू बैग, पाउच, पानी की बोतलें, बैटरी, टेप, धागा, पिन, कैंची, मल्टीपर्पज चाकू, प्लेट, छाता, सिरिंज, नीडल जैसे कई उपयोगी सामान भी मिले है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नक्सली लंबे समय तक जंगल में डेरा डालकर रहने की योजना बना रहे थे. फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल जंगल के अंदर लगातार अभियान चला रहे हैं.
मिसिर और उसके दस्ते को तलाश रहे सुरक्षाबल
सारंडा और कोल्हान के जंगलों में सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा और उसके दस्ते की तलाश में यह अभियान चल रहा है. पिछले 10 दिनों में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच दो बार मुठभेड़ हुई, लेकिन इसमें मिसिर बेसरा भागने में सफल रहा. एक नक्सली इसरायल पूर्ति एनकाउंटर में मारा गया. जबकि 6 जवान भी मुठभेड़ में घायल हुए थे.