जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में एक नाबालिग किशोरी का शव स्कूल परिसर में मिला है. परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा के राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह शव देखा गया. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए. पुलिस भी मौके पर पहुंची. किशोरी की हालत को देखकर लोगों ने आशंका जताई कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है. हालांकि पुलिस ने मामले में अभी किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. नाबालिग की पहचान अभी नहीं हुई है. पोस्टमार्टम में सामने आया है कि नाबालिग की हत्या गला दबाकर की गई है. पुलिस ने अपने रिपोर्ट में मौत का यही कारण लिखा है. अब पुलिस नाबालिग की हत्या करने वाले का पता लगा रही है. सुबह-सुबह स्कूल में लाश मिलने से सनसनी फैल गई.
आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका ने देखा शव
शनिवार सुबह आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य सुबह जब स्कूल पहुंचीं, तो उसकी नजर शव पर पड़ी. इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे. जांच में पुलिस ने पाया कि नाबालिग की मुंह से झाग निकल रहा था. नाबालिग के गले में निशान मिले है. ऐसे में गला दबाकर उसकी हत्या करने की पुलिस आशंका जता रही है. अब गला हाथ से दबाया गया है या किसी और चीज से पुलिस इसका पता लगा रही है.
परिजनों का पता लगा रही पुलिस
नाबालिग की पहचान अबतक नहीं हो पाई है. पुलिस उसके परिजनों का पता लगा रही है. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन किसी ने किशोरी को नहीं पहचाना. किशोरी स्कूल कैसे पहुंची पुलिस इसका पता लग रही है. सीसीटीवी कैमरा की जांच भी की जा रही है. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिला है. मुंह से झाग भी निकल रहा था. ऐसे में कोई जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के स्पष्ट कारणों का पता चलेगा.