रांची(RANCHI): के नामकुम थाना क्षेत्र में लदनापीढ़ी के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रांची-टाटा मुख्य सड़क पर चल रही एक कार में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी लपटों से घिर गई और धू-धू कर जलने लगी.
कार में मौजूद दोनों लोग सतर्कता दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई. बताया जा रहा है कि गाडी चालक जमशेदपुर के निवासी हैं और रजिस्ट्रार कार्यालय से जुड़े हुए हैं. वे किसी काम से रांची की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक कार में आग लग गई.
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और अपने सूझबूझ से आग बुझाने की कोशिश करने लगे. हालांकि आग अधिक होने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था. सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया. हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है.