धनबाद(DHANBAD):धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ापीपल के समीप एक खेत में रविवार को पेड़ पर दुपट्टा के सहारे झूलता हुआ एक विवाहित महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में लिया. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया.
महिला की पहचान और उसके परिवार का कोई सुराग नहीं
पुलिस ने मृत महिला के पास से मिले बैग और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है.महिला के बैग से एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें कई लोगों के फोन नंबर लिखे हुए है.पुलिस इन नंबरों पर संपर्क कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है.प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान और उसके परिवार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. महिला कहां की रहने वाली है, किस परिस्थिति में यहां पहुंची और उसकी मौत किन कारणों से हुई, इस बारे में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है.पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
