चाईबासा (CHAIBASA) : कोल्हान के जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास भाजपा माओवादियों ने आईईडी लगाने का दावा किया है. इसको लेकर भाकपा माओवादी के दक्षिणी जोनल कमिटी के प्रवक्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ग्रामीणों से जंगल में नहीं जाने की अपील की है. प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए माओवादियों ने कहा है कि कोल्हान में कई महीनों से खासकर बीते एक महीना से साम्राज्यवादी कॉरपोरेट घरानों के इशारे पर केंद्र और राज्य सरकार, खासकर केंद्र सरकार के निर्देश से केंद्रीय संयुक्त कमांड के प्रत्यक्ष देखरेख और दिशा-निर्देशन में सुरक्षाबलों को उतार कर माओवादी क्रांतिकारियों को नाश करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही गोलाबारी
भाकपा माओवादियों का कहना है कि कानून और जनाधिकारों का पुलिस द्वारा घोर उल्लंघन किया जा रहा है. ग्राम सभा की सहमति लिये बगैर 10 अक्टूबर से 12 दिसंबर तक तीन पुलिस कैंप रेंगड़ाहातु, सायतबा और इंजेदबेड़ा में स्थापित किया जा चुका है. आये दिन पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों को पूर्व सूचना दिये बगैर कोल्हान के विभिन्न जंगल और पहाड़ों में मोर्टार सेल जैसे भारी हथियारों से गोलाबारी की जा रही है. माओवादियों ने लिखा है कि इसी परिपेक्ष्य में हत्यारी, दमनकारी पुलिसकर्मियों को लक्षित करते हुए जनता की अपनी सेना पीएलजीए द्वारा कोल्हान वन प्रमंडल में स्थित सभी पुलिस कैंप के चारों ओर वन ग्राम और राजस्व ग्राम के सभी जंगल-पहाड़ों, रोड और पगडंडी वाले रास्तों में बारूदी सुरंग लगा दिया गया है.
जंगलों में हॉर्न बजा कर चलने की अपील
माओवादियों ने कोल्हान वन प्रमंंडल के ग्रामीण इलाकों से शहरों की तरफ जाने वाले वाहन चालकों और मालिकोंं से रास्ते में बीच-बीच में हॉर्न बजाने की अपील की है. इसके साथ ही ग्रामीणों से गांव और आसपास के जंगल, पहाड़ पर न जाने की अपील की गई है. वहीं माओवादियों ने ग्रामीणों से पुलिसवालों को नहींं बैठाने और गाड़ी नहीं देने की भी अपील की है. माओवादियों ने ग्रामीणों से कहा कि उनके बताए हुए निर्देश का पालन नहीं करने पर वो लोग माओवादियों की कार्रवाई की चपेट में आ सकते हैं. इसके लिए पीएलजीए जिम्मेवार नहीं होगी, ऐसा करने वाले लोग खुद और पुलिस-प्रशासन इसकी जिम्मेवार होगी.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा