धनबाद (DHANBAD): धनबाद के केंदुआडीह इलाके में लगभग एक माह से बंद पड़े धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग को चालू कराने की मांग को लेकर विधायक राज सिन्हा का 24 घंटे का अनशन समाप्त हो गया है.उपायुक्त की ओर से आश्वासन दिया गया है कि सोमवार को वैज्ञानिकों के साथ सड़क के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत बैठक की जाएगी.करीब 27 दिन पहले केंदुआडीह में भू-धंसान की घटना के बाद इस मार्ग को बंद कर दिया गया था, जिससे आम लोगों को वैकल्पिक मार्ग से यात्रा करनी पड़ रही है। इससे न सिर्फ आवागमन प्रभावित हुआ है, बल्कि स्थानीय व्यापार पर भी असर पड़ा है.
सड़क बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी
अनशन के दौरान विधायक ने कहा कि सड़क बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है और वैकल्पिक मार्ग असुरक्षित है उन्होंने दावा किया कि तकनीकी कारणों के नाम पर सड़क खोलने में देरी की जा रही है, जबकि जमीन की जांच में कोई गंभीर खतरा सामने नहीं आया है.विधायक ने यह भी कहा कि देश में बड़े-बड़े तकनीकी प्रोजेक्ट संभव हैं, तो इस सड़क को भी सुरक्षित तरीके से चालू किया जा सकता है.
प्रशासन के आश्वासन पर अनशन समाप्त
इस दौरान पीबी एरिया के जीएम जी.सी. साहा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सड़क बंद रखने के पीछे सुरक्षा और तकनीकी कारणों की जानकारी दी.लगभग 24 घंटे चले अनशन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर विधायक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया.अब सोमवार को होने वाली वैज्ञानिक बैठक पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों की नजरें टिकी है, ताकि जल्द से जल्द यह मुख्य मार्ग फिर से चालू हो सके.
रिपोर्ट-नीरज कुमार