पलामू (PALAMU): पलामू जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब कोयला लदा एक अनियंत्रित हाइवा सीधे एक मकान में जा घुसा. यह घटना पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर स्थित लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ. जिस मकान में हाइवा घुसा, वह शिव साव नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सोने के बजाय छत पर सो रहे थे. इसी वजह से बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार हाइवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे मकान से जा टकराया. हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं चालक का पैर केबिन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. चालक को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन मंगाई गई. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने लोहे को काटकर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया. इधर, सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
वहीं, हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनती जा रही है और प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है.