रांची (RANCHI): राज्य में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही एक अहम समीक्षा बैठक करने वाले हैं. इस उच्च स्तरीय बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने राज्य के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और विभागीय सचिवों को आधिकारिक पत्र भेजकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
सरकार की ओर से सभी विभागों से उनके अधीन संचालित योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पिछले वित्तीय वर्ष में योजनाओं की उपलब्धियों, खर्च और लक्ष्य पूर्ति का पूरा ब्यौरा तैयार करें. साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में योजनाओं को किस तरह आगे बढ़ाया जाएगा, इसका विस्तृत रोडमैप भी प्रस्तुत करना होगा. मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समीक्षा बैठक में योजनाओं की वास्तविक स्थिति पर विशेष फोकस रहेगा. इसी कारण विभागों को निर्देश दिया गया है कि रिपोर्ट के साथ योजनाओं और परियोजनाओं की जमीनी तस्वीरें भी संलग्न करें, ताकि विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री इस सप्ताह विभागवार समीक्षा करेंगे. किस विभाग की समीक्षा किस दिन होगी, इसकी अलग से सूचना जारी की जाएगी. माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री अधूरी और धीमी गति से चल रही परियोजनाओं पर सख्त रुख अपना सकते हैं. सरकार की प्राथमिकता बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं और जनहित से जुड़ी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने की है. ऐसे में यह समीक्षा बैठक प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.