रांची (RANCHI): राजधानी रांची में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में रांची नगर निगम के एनफोर्समेंट ऑफिसर और पूर्व सैनिक रंजीत टोप्पो को ड्यूटी के दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे नगर निगम की एनफोर्समेंट टीम कांटाटोली चौक के पास सड़क किनारे अवैध रूप से गिराए गए बालू की जांच करने पहुंची थी. टीम की गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी और रंजीत टोप्पो अपने ड्राइवर के साथ नीचे उतरकर निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक ऑटो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना जबरदस्त था कि रंजीत टोप्पो सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं, जबकि मौके पर मौजूद दो अन्य कर्मी बाल-बाल बच गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और नगर निगम कर्मचारियों की मदद से घायल अधिकारी को रांची के सेम्फोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार रंजीत टोप्पो को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और लगातार इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है.
बताया जा रहा है कि रंजीत टोप्पो पूर्व सैनिक रह चुके हैं और वर्तमान में रांची नगर निगम में एनफोर्समेंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं. हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए. घटना के बाद निगम परिवार में चिंता का माहौल है. इधर, हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया. रांची नगर निगम की ओर से मामले में FIR दर्ज करा दी गई है. पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.