रांची (RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा के मद्देनजर यात्रियों और अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है. परीक्षार्थियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 19 अप्रैल 2026 को रांची से दो विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इन ट्रेनों से न केवल परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी, बल्कि सामान्य यात्रियों को भी भीड़ से निजात मिलेगी.
पहली ट्रेन रांची से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के लिए चलाई जा रही है. यह ट्रेन शाम 7:15 बजे रांची से रवाना होगी और रास्ते में लोहरदगा, टोरी, लातेहार, गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन और सासाराम जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी. निर्धारित समय के अनुसार यह ट्रेन सुबह 5:35 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी.
वहीं दूसरी परीक्षा स्पेशल ट्रेन रांची से पटना के लिए संचालित की जा रही है. यह ट्रेन शाम 6:45 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया और जहानाबाद होते हुए सुबह 6:00 बजे पटना पहुंचेगी. इस ट्रेन का टाइम टेबल इस तरह तैयार किया गया है कि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, JPSC परीक्षा के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है. इससे यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा. साथ ही यह पहल रेलवे की ओर से परीक्षार्थियों के हित में उठाया गया एक अहम कदम माना जा रहा है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पर पहुंचें और यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, ताकि सभी को बेहतर सुविधा मिल सके.