गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया गया है. इस पूरे मामले की जानकारी गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पचंबा थाना क्षेत्र के अलकापुरी कृष्णा नगर निवासी शिव शंकर साहू और हरि शंकर राम, जबकि जमुआ थाना क्षेत्र के पेटहंडी गांव निवासी महेंद्र यादव और चित्रडीह निवासी कमलेश सिंह शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर डीएसपी कौसर अली और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. टीम ने पचंबा थाना क्षेत्र के माथाडीह गांव में छापेमारी कर पहले दो आरोपियों शिव शंकर साहू और हरि शंकर राम को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान इनके पास से करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने जमुआ और चित्रडीह में छापेमारी कर महेंद्र यादव और कमलेश सिंह को गिरफ्तार किया, जिनके पास से भी लगभग 5 किलो गांजा जब्त किया गया. इस तरह कुल 10 किलो गांजा बरामद किया गया.
फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, गांजे की आपूर्ति कहां से हो रही थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट : दिनेश रजक