खूंटी (KHUNTI) : झारखंड के खूंटी जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कर्रा थाना क्षेत्र के मुहुद जंगल में छापेमारी कर संगठन के तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से हथियार, लेवी से जुड़े पर्चे और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार ये सभी हाल के दिनों में हुई गोलीबारी और आगजनी की घटनाओं में शामिल थे.
जानकारी के मुताबिक जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI संगठन के कुछ हार्डकोर सदस्य जंगल में बैठक करने वाले हैं. सूचना में यह भी बताया गया था कि संगठन क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को बढ़ाने, लेवी वसूली करने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्रा थाना क्षेत्र के मुहुद जंगल में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैम्यूल गुड़िया (20 वर्ष), धीरज स्वांसी (19 वर्ष) और सुनील स्वांसी (28 वर्ष) के रूप में हुई है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, लेवी मांगने वाले पर्चे और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूछताछ में उग्रवादियों ने बताया कि 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुकू (महुआटोली) इलाके में रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग, आगजनी और पर्चा चिपकाने की घटना में वे शामिल थे. इसके अलावा तोरपा थाना क्षेत्र में एक गैस एजेंसी संचालक के वाहन पर गोलीबारी की घटना में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है.
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सैम्यूल गुड़िया का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.