टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है. राज्य सरकार ने “नेतरहाट विद्यालय शिक्षक, कर्मचारी नियुक्ति एवं सेवाशर्त नियमावली-2026” लागू करते हुए नियुक्ति व्यवस्था को पूरी तरह नए ढांचे में ढाल दिया है. अब भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए गए हैं.
नई व्यवस्था के तहत अब विद्यालय प्रबंधन समिति के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को नियुक्ति की जिम्मेदारी दी गई है. प्राचार्य, उप-प्राचार्य और शिक्षकों की नियुक्ति अब झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी. वहीं, ग्रुप-C यानी तृतीय श्रेणी के पदों पर बहाली झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा की जाएगी. चतुर्थ श्रेणी के पदों को आउटसोर्सिंग के जरिए भरा जाएगा.
इस नई नियमावली में शिक्षा के आधुनिकीकरण पर खास जोर दिया गया है. पारंपरिक विषयों के साथ-साथ अब कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे आधुनिक विषयों के लिए भी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इससे छात्रों को बदलते समय के अनुसार बेहतर शिक्षा मिल सकेगी.
भर्ती प्रक्रिया को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए परीक्षा पैटर्न भी निर्धारित किया गया है. चयन परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होगी. पहले चरण में सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी से 200 अंक के प्रश्न होंगे. दूसरे चरण में संबंधित विषय से 400 अंक का पेपर लिया जाएगा. तीसरे चरण में कंप्यूटर ज्ञान और मानसिक क्षमता से जुड़े 200 अंक के प्रश्न होंगे. साथ ही निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान रखा गया है.
एक और महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अब कक्षा 6 से 8 के लिए TGT पदों पर CTET पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे. हालांकि कक्षा 9 से 12 के PGT पदों के लिए CTET अनिवार्य नहीं रखा गया है. कुल 59 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें 34 पद PGT और 25 पद TGT के हैं. इन पदों में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, कंप्यूटर साइंस समेत कई विषय शामिल हैं. यह नई व्यवस्था योग्य उम्मीदवारों के लिए बेहतर अवसर के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को भी नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.