सरायकेला(SARAIKELA):कांड्रा थाना क्षेत्र में झारखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को बैंक मैनेजर को एक मोबाइल नंबर से कॉल आया था, जिसमें खुद को “रवि लोहार” बताकर जेल में बंद होने और वकील व जमानत के लिए पैसे की मांग की गई थी.
परसुडीह के गोलपहाड़ी का रहने वाला है आरोपी
घटना के बाद बैंक मैनेजर ने कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई.मामला गंभीर होने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई.टीम ने तकनीकी और मानवीय जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के पास छापेमारी कर आरोपी बंटी गुहा को गिरफ्तार कर लिया.आरोपी की उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है.वह मूल रूप से परसुडीह के गोलपहाड़ी का रहने वाला है और वर्तमान में कोलकाता में रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहा था.
एक मोबाइल फोन भी बरामद
पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ टेल्को, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा और कदमा थानों में रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल