धनबाद(DHANBAD): जिले के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी लवकुश कुमार यादव को पुलिस टीम ने बिहार के नवादा से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था.
घटना को लेकर जानकारी देते हुए धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने बताया कि 4 मई की शाम धनसार थाना क्षेत्र से एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और कांड संख्या 75/2026 के तहत जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी.
शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी अपने घर से फरार हो गया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया. वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया, जिसने लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने का काम किया.
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के बिहार में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके आधार पर टीम ने नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लेंगुरा तुलसीबीघा गांव में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे धनसार थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवकुश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से धनबाद के न्यू दिल्ली कॉलोनी का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के नवादा जिले का बताया गया है.
इस पूरी कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार