रामगढ़ (RAMGARH): जिले में लेवी और फायरिंग की घटनाओं से दहशत फैला रहे कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक i20 कार, लैपटॉप और 7 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह रामगढ़ जिले के अलग-अलग इलाकों में लेवी की मांग को लेकर लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था. पिछले एक सप्ताह के अंदर पतरातू क्षेत्र में दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं. करीब पांच दिन पहले एमजीसीपीएल कंपनी में लेवी के लिए गोलीबारी की गई थी, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड को गोली लग गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. पतरातू एसडीपीओ कुमार गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया. इस अभियान में पतरातू, भुरकुंडा, भदानीनगर और बरकाकाना थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की.
लगातार की गई छापेमारी और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद है.
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है.
रिपोर्ट : अनुज कुमार