जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टाटानगर रेल यार्ड क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेंदुआ दिखा. इससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यार्ड परिसर के पास झाड़ियों के बीच एक तेंदुआ जैसा जानवर घूमता नजर आया. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई. इलाके में तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई और कर्मचारियों को अकेले आने-जाने से मना कर दिया गया. बताया जा रहा है कि देर रात यार्ड के एक हिस्से में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने झाड़ियों के पास हलचल देखी. जब ध्यान से देखा गया तो एक जंगली जानवर (तेंदुआ जैसा) रेलवे ट्रैक के किनारे घूमता दिखाई दिया. कुछ कर्मचारियों ने मोबाइल से उसका वीडियो भी बना लिया. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से पूरे यार्ड क्षेत्र में फैल गया और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बन गया.
वन विभाग कर रहा तलाश
कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) इसकी सूचना दी गई. इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संभावित क्षेत्र में खोजबीन शुरू की. रात तक टीम झाड़ियों, खाली पड़े हिस्सों और ट्रैक किनारे इलाकों में तेंदुए की तलाश करती रही. वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर वन विभाग जांच कर रहा है. इधर, एहतियात के तौर पर रेल यार्ड के संवेदनशील हिस्सों में अतिरिक्त निगरानी शुरू कर दी गई है. कर्मचारियों को समूह में काम करने और रात के समय अकेले न निकलने की सलाह दी गई है. यार्ड के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से आवाजाही सीमित कर दी गई है.
लगाए गए ट्रैप कैमरे
वन विभाग ने रेल यार्ड और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैप कैमरा लगाया है. ताकि तेंदुआ उसमें ट्रैप हो सके. माइकिंग कर आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. वन विभाग का मानना है कि रेल यार्ड में दिखा जानवर जंगली बिल्ली भी हो सकती है. जानकारी हो कि जमशेदपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में जंगली जानवरों के भटककर पहुंचने की घटनाएं सामने आती रही हैं. शहर के बाहरी हिस्सों से सटे जंगलों के कारण कई बार लकड़बग्घा, तेंदुआ, हाथी और अन्य वन्य जीव आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं.