लातेहार (LATEHAR): जिले के मनिका थाना क्षेत्र के उचुवाबर गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने ना सिर्फ पिता पुत्र के रिश्ते को शर्मसार किया है बल्कि, मानवता और इंसानियत पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल एक पिता ने अपने ही बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे मामले की जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, उचुवाबर गांव निवासी बिनेश्वर परहिया और उसके पुत्र सीताराम परहिया के बीच लंबे समय से विवाद चलता आ रहा था. बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई. उस समय पिता नशे की हालत में था. विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता को जमीन पर गिरा दिया, जिससे वह और अधिक आक्रोशित हो गया.
गुस्से में आकर बिनेश्वर परहिया ने धारदार हथियार से अपने बेटे पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान वहां मौजूद एक ग्रामीण, सुदेश परहिया, ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गया और उसके हाथ में चोट आई.
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया. ग्रामीणों ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था, लेकिन इस बार मामला इतना बढ़ गया कि एक परिवार उजड़ गया. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह खौफनाक वारदात हुई.