जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार चार युवकों ने एक निजी कार्यालय में घुसकर जमकर उत्पात मचाया. युवकों ने न सिर्फ कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम से भी उलझ गए. घटना केनरा बैंक के पास स्थित एक ब्लैंकेट डिलीवरी कार्यालय की है. रात करीब 12 बजे चार युवक अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के कार्यालय में घुसकर हंगामा शुरू कर दिया. आरोपियों ने आते ही कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. अचानक हुए हमले से कार्यालय में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कुछ कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए. देर रात हुई इस घटना को लेकर आक्रोश है.
पुलिस के पहुंचने पर भी जारी यह हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन इसके बाद भी युवकों का उत्पात जारी रहा. मारपीट और हंगामा करने वाले सभी युवक नशे में थे. पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वे लोग पुलिस से भी धक्का-मुक्की करने लगे. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. जिसके बाद मारपीट और हंगामा करने वाले सभी युवक वहां से भाग निकले. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है.
घटना को लेकर दहशत
इस घटना को लेकर कार्यालय के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है. आसपास के लोग भी इस घटना को लेकर डरे हुए है. स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि देर रात कार्यालय में कुछ युवकों द्वारा मारपीट और हंगामा किया गया है. घटना के बाद सभी वहां से भाग निकले. मारपीट करने वालों को पहचान की जा रही है.