झारखंड (JHARKHAND): झारखंड राज्य में 1 मई से 4 मई तक जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री का कार्य पूरी तरह से बंद रहेगा. राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में सभी अवर निबंधकों को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है. इस अवधि के दौरान अंचलों में होने वाले दाखिल-खारिज यानी म्यूटेशन का काम भी ठप रहेगा. आम लोग अपनी जमीन की लगान रसीद भी नहीं कटवा सकेंगे. ऑनलाइन अमीन बुकिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी चार दिनों तक उपलब्ध नहीं होंगी. इन सभी सेवाओं के बंद होने का मुख्य कारण झारभूमि सॉफ्टवेयर का डाउन रहना बताया गया है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सॉफ्टवेयर के रख-रखाव के कारण यह तकनीकी रुकावट आई है. हालांकि विभाग ने यह निर्देश भी दिया है कि स्व-मोटो म्यूटेशन के तहत किसी भी ट्रांजेक्शन का नुकसान नहीं होना चाहिए. इस तकनीकी समस्या का असर केवल जमीन के कामों तक ही सीमित नहीं है. पिछले एक सप्ताह से राज्य के निबंधन कार्यालयों में मैरिज रजिस्ट्रेशन का काम भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सॉफ्टवेयर में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह बंद है.
शुरुआत में ऑनलाइन पेमेंट न हो पाने के कारण यह समस्या खड़ी हुई थी. बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल से पेमेंट कटना तो शुरू हुआ, लेकिन सर्वर की गति अत्यंत धीमी रही. सर्वर स्लो होने के कारण मैरिज रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका. इससे उन लोगों को काफी परेशानी हो रही है जिन्हें जरूरी कार्यों के लिए मैरिज सर्टिफिकेट की आवश्यकता है. विभाग अब सॉफ्टवेयर और सर्वर की कमियों को दूर करने का प्रयास कर रहा है. 4 मई के बाद ही जमीन और विवाह निबंधन से जुड़ी सेवाएं सुचारू रूप से चलने की उम्मीद है. आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे इन तारीखों के बाद ही अपने सरकारी कार्यों के लिए कार्यालयों का रुख करें.