रांची (RANCHI): राजधानी में आयोजित होने वाले किसान एग्रोटेक मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में आज हेमंत सोरेन से बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति ने मुलाकात कर उन्हें मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया.
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) रांची के कुलपति सी एस दुबे ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 14 से 16 मार्च तक आयोजित होने वाले किसान एग्रोटेक मेला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया. यह मेला बिरसा ऐग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित किया जाएगा.
मुलाकात के दौरान कुलपति ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों और किसानों के हित में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एग्रोटेक मेला का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, नई किस्मों के बीज, उन्नत कृषि उपकरण और वैज्ञानिक खेती के तरीकों से परिचित कराना है.
इस तीन दिवसीय मेले में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है. कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और कृषि क्षेत्र से जुड़े संस्थान किसानों को उन्नत खेती, पशुपालन और कृषि आधारित व्यवसाय से संबंधित नई जानकारियां भी देंगे.
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने और अपनी आय बढ़ाने के नए अवसर मिलते हैं. साथ ही किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित होता है.
किसान एग्रोटेक मेला राज्य के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने और किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
