खूंटी (KHUNTI): झारखंड के खूंटी-गुमला सीमावर्ती क्षेत्र में रनिया पुलिस ने अवैध डोडा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कि है. पुलिस ने एक ट्रक से 50 बोरा डोडा बरामद किया है. बता दें, यह कार्रवाई रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के पास की गई है. दरअसल, तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में नीचे डोडा के बोरे रखे थे और उसके ऊपर भूसा लाद दिया था, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त किया और मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार रविवार को खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि भालूटोली क्षेत्र में अवैध डोडा की बड़ी खेप पहुंचाई गई है. सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने भालूटोली के पास झाड़ियों के समीप खड़े एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक के ऊपर भूसा और नीचे छिपाकर रखे गए 50 बोरा डोडा बरामद किए गए. पुलिस को देखते ही चालक, खलासी और कथित खरीददार मौके से फरार हो गए.
आपको बता दें, पुलिस ने ट्रक सहित बरामद डोडा को जब्त कर लिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक पर उत्तर प्रदेश का नंबर लगा हुआ था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा होगा.