खूंटी(KHUNTI): खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. दरअसल, अड़की के रुमचू स्थित बियरबुड़ा नदी में एक महिला का शव बरामद किया गया था, जिसकी पहचान रंगामनी देवी के रूप में हुई थी. मृतका का शव नदी में तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.
पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतका के 22 वर्षीय पति दसाय मुंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी पति मुंबई में मजदूरी करता था और वहां उसका किसी दूसरी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी प्रेम संबंध के कारण उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे नहाने के बहाने नदी के पास ले गया. वहां मौका पाकर आरोपी ने अपनी पत्नी रंगामनी देवी का गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया.
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दसाय मुंडा चुपचाप मुंबई भागने की फिराक में था. उसने चक्रधरपुर स्टेशन से लोकमान्य तिलक ट्रेन का जनरल टिकट भी कटवा लिया था और ट्रेन पकड़ने की तैयारी में था. हालांकि, पुलिस की तकनीकी शाखा ने मोबाइल कॉल डिटेल्स और गुप्त सूचनाओं के आधार पर उसे समय रहते दबोच लिया गया. आरोपी के पास से पुलिस ने हत्या के समय इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, रेलवे का टिकट और मृतका के कुछ कपड़े बरामद किए हैं. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में खूंटी जेल भेज दिया गया है.