देवघर (DEOGHAR) : बाबाधाम के शिवमय वातावरण में कांवरियों के रूप में शिव भक्ति देखी जा सकती है. तरह-तरह के सुसज्जित कांवर कंधों पर लिए कांवरिया देवघर आ रहे हैं. पवित्र सावन माह में सुल्तानगंज से जल लेकर 105 किलोमीटर की यात्रा तय कर अपने सुसज्जित कांवर के साथ लगातार कांवरिया देवघर पधार रहे हैं. इन्हीं से हावड़ा बम संघ की ओर से आकर्षक कांवर कांवरिया पथ में देखा गया. कांवर को केदारनाथ धाम मंदिर का रूप दिया गया है.
8 वर्षों से लगातार पहुंच रहे बाबाधाम
बता दें कि इस संघ की ओर से पिछले 8 वर्षों से लगातार किसी ना किसी ज्योतिर्लिंग के मंदिर पर आधारित कांवर को सुसज्जित ढंग से सजा कर लाया जा रहा है. कोरोना काल से पहले 2019 में अमरनाथ धाम मंदिर की कलाकृति अपने कावर में बना लाया गया था. इस वर्ष केदारनाथ धाम मंदिर की कलाकृति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा. हावड़ा बम कांवरिया संघ में 15 लोगों का जत्था शामिल है. जिन्होंने बारी-बारी से कांवर उठा कर अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम तक कावरियां पहुंचाया. भोले की शक्ति का ही परिणाम है कि इतनी भारी वजन वाले कांवर को लिए 15 कांवरियां 5 दिनों में सुल्तानगंज से देवघर पहुंचे. इस बीच पूरा वातावरण हर हर महादेव और बोल बम से गुंजायमान हो गया.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
