जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शुरू हो गई है. पूरे राज्य में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परिक्षा आयोजित हो रही है. जमशेदपुर में इस बार परीक्षा को लेकर खास तैयारी की गई है. शहर में कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 26,560 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग ले रहे है. परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने हाईटेक और सख्त व्यवस्था की है. सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है. वहीं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर भी लगाए गए हैं. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तीन स्तर पर जांच की जा रही है, जिसमें मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग भी शामिल है.
12 अभ्यर्थी पर एक वीक्षक
व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रत्येक 12 अभ्यर्थियों पर एक वीक्षक (इनविजिलेटर) की तैनाती की गई है. साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात हैं.यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया है ताकि अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में कोई परेशानी न हो. यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली की परीक्षा शुरू हो चुकी है और शाम 5 बजे तक पूरी प्रक्रिया चलेगी. इस परीक्षा के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत कई प्रतिष्ठित पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.