गढ़वा (GARHWA): गढ़वा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास NH-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमे दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई है.यह हादसा एक पिकअप और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ. मृतकों की पहचान विशाल कुमार (हरादाग, रमना) और मनीष कुमार (छावनवा टोला, मेराल) के रूप में हुई है.
तिलक से लौट रहे दो दोस्तों की मौत
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मेराल में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे. इसके बाद वे किसी को गढ़वा स्टेशन छोड़ने गए थे. लौटते समय खजूरी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बकरी लदी पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई.टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी मौके पर पहुंची उन्होंने बताया कि मृतकों में एक उनके रिश्तेदार थे और दोनों युवक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे.
मामले की जांच की जा रही है
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.दीपमाला कुमारी ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पहुंचीं, जहां दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार