पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ में बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो ने गुरुवार को गोकुलपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया.इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.प्रदर्शन कर रहे झामुमो नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता की परेशानी बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता को “अच्छे दिन” का सपना दिखाया गया था, लेकिन आज लोग “महंगे दिन” झेलने को मजबूर है.
गैस-पेट्रोल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला
केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी उर्फ पिंकी ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने से गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना का लाभ अब गरीब महिलाओं तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है, क्योंकि सिलेंडर खरीदना ही मुश्किल हो गया है.झामुमो जिला अध्यक्ष एजाजुल इस्लाम ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द कीमतों पर नियंत्रण लगाया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
महंगाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग
धरना प्रदर्शन में श्याम यादव, माइकल मुर्मू, हाजी समद अली, पीटर मरांडी, हरिवंश चौबे समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और महंगाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की.
रिपोर्ट-विकास कुमार