रांची(RANCHI): 1932 खतियान का जिन फिर से एक बार विधेयक वापस होने के बाद निकल गया है. झामुमो विधेयक वापस होने का जिम्मेदार भाजपा को बता कर आक्रोशित हो गई है. आज रांची की सड़क पर झामुमो जिला कमिटी ने जमकर बवाल काटा. इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर भाजपा का पुतला भी दहन किया गया. जैसे ही 1932 के विधेयक को राज्यपाल ने लौटाया, वैसे ही राजनीति में भूचाल आ गया है. पक्ष-विपक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे हैं. विधेयक वापसी के बाद खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी खतियानी जोहार यात्रा के दौरान राज्यपाल और भाजपा पर निशाना साधा था. वहींं आज झामुमो जिला कमिटी के द्वारा जमकर नारेबाजी की गई और पुतला दहन किया गया.
पुतला दहन के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष मुस्तक अहमद ने कहा कि राज्यपाल भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं. वह छत्तीसगढ़ में भाजपा के टिकट पर विधायक, सांसद और मंत्री बने. अब उसी का कर्ज राज्यपाल झारखंड के लोगों के साथ खिलवाड़ कर अदा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्यपाल भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं. 1932 का मामला झारखंड के लोगों के भावनाओं से जुड़ा हुआ है. यहां के लोगों के साथ भाजपा खिलवाड़ कर रही है.
