धनबाद (DHANBAD): चुनाव के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण राज्य असम में चुनाव समाप्त हो गया है . वहां बंपर वोटिंग हुई है. अब भाजपा की सरकार वहां रिपीट करेगी या सरकार बदलेगी, इसको लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. असम के बाद बंगाल पर भाजपा का फोकस है. गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के लोगों को छह गारंटी दी, तो शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र हर वर्ग के लोगों को निराशा से बाहर निकालने का एक रास्ता है. उन्होंने कहा कि जनता निराश और भयभीत है. जनता के मन में परिवर्तन की लहर चल रही है.
भाजपा के संकल्प पत्र में वादों का पिटारा
अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार अगर बंगाल में बनती है, तो महिलाओं को प्रति महीने ₹3000 दिए जाएंगे। भाजपा बेरोजगार युवकों को ₹3000 देने का वादा किया. इसके अलावा 5 वर्षों में एक करोड़ लोगों के लिए नए रोजगार और आत्मनिर्भरता के मौके सृजित किए करने की बात कही गई. युवाओं को रोजगार मिलने तक हर महीने ₹3000 दिए जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष पुलिस बटालियन का गठन किया जाएगा. जिसका नाम दुर्गा सुरक्षा दस्ता होगा. राज्य में सभी सरकारी नौकरियों में33% सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होगी. भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिला, युवाओं से लेकर कृषि उद्योग तक को प्राथमिकता दी है. सातवें वेतन आयोग लागू करने की भी चर्चा है. रिक्त पदों को 45 दिनों को भीतर भरने की बात कही गई है.
प्रधानमंत्री ने बंगाल को छह गारंटी दी है
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम एक वंदे मातरम संग्रहालय की कल्पना लेकर आए हैं. इसके माध्यम से पूरे विश्व में बंगाल के कल्चर को प्रसिद्धी मिलेगी। घुसपैठ पर निर्णायक प्रहार होगा। इधर ,गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर हमला बोला. उन्होंने बंगाल के लोगों को आधा दर्जन गारंटी भी दी. पहली गारंटी में बताया कि भय मुक्त बंगाल होगा, दूसरी गारंटी में कहा कि सरकारी सिस्टम की जवाबदेही होगी, तीसरी गारंटी में कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध की फाइल खुलेंगी. चौथी गारंटी में बताया भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा, पांचवी गारंटी में बताया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे नहीं बचेंगे, छठी गारंटी में बताया कि सातवां वेतन आयोग लागू होगा.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो