टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों महाराष्ट्र के अध्ययन दौरे पर है. इस यात्रा का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े सफल मॉडलों को समझना और उनके अनुभवों से सीख लेना है. गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने इस दौरे की कई तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है.
कल्पना सोरेन ने बताया कि समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र विधानसभा परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को करीब से जाना. इस दौरान सदस्यों ने यह समझने की कोशिश की कि किस तरह विधानसभा के विभिन्न विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हैं. समिति का मानना है कि दूसरे राज्यों के सफल अनुभवों को जानने से झारखंड में योजनाओं को और प्रभावी तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी.
इस दौरे में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बहू और विधायक पूर्णिमा दास साहू भी शामिल हैं. समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. बातचीत के दौरान विधानसभा संचालन, महिला कल्याण योजनाओं और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ.
महाराष्ट्र प्रवास के दौरान समिति के सदस्यों ने मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना भी की. कल्पना सोरेन ने कहा कि उन्होंने भगवान गणपति से झारखंड की सुख-समृद्धि, राज्यवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने यह भी कहा कि यह दौरा केवल प्रशासनिक अध्ययन तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक अनुभवों को समझने का भी अवसर प्रदान कर रहा है.
समिति आने वाले दिनों में महिला संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद भी करेगी. इन बैठकों में महिलाओं द्वारा संचालित कार्यों, रोजगार मॉडल और सामाजिक बदलाव से जुड़े प्रयासों को समझा जाएगा. माना जा रहा है कि इस अध्ययन यात्रा से झारखंड सरकार को महिला एवं बाल विकास योजनाओं को अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी. साथ ही स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नए सुझाव भी सामने आ सकते हैं.