जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : मानगो के उलीडीह थाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर एक के हरि मंदिर के पास स्थित विश्वनाथ ज्वेलर्स से एक युवक दुकानदार को झांसे में लेकर सोने के आभूषण ले भागा. उसके बाद दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता तब तक युवक दुकान से फरार हो चुका था. तत्काल दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.
CCTV में कैद आरोपी
जानकारी के अनुसार आभूषण दुकान मे एक युवक आया और दुकानदार को आभूषण दिखाने को कहा. इस दौरान दुकानदार विश्वनाथ दत्ता का बेटा अभिजीत दुकान में बैठा था. अभिजीत ने युवक को कुछ आभूषण दिखाए. युवक ने एक आभूषण पसंद किया और उसके लिए एक हजार रुपए एडवांस देते हुए शाम को लेकर जाने की बात कहकर चला गया. थोड़ी देर बाद अभिजीत को एहसास हुआ कि दुकान में एक डब्बे में रखा आभूषण गायब है. उसने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तब उसे चोरी की जानकारी सामने आई.
पुलिस तहकिकात में जुटी
अभिजीत के अनुसार डब्बे में 23 से 24 लाख के गहने थे. अभिजीत ने बताया कि जिस युवक ने आभूषण चुराया वह सोमवार शाम को भी खरीददारी करने के लिया पहुंचा था. उसने 5700 रुपए के आभूषण खरीदे थे और वापस चला गया था. मंगलवार को वह दोबारा आया और झांसा देकर चला गया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है.
रिपोर्ट - रंजीत कुमार ओझा