जमशेदपुर( JAMSHEDPUR): जमशेदपुर की होनहार बेटी श्रेया अग्रवाल ने फेमिना मिस इंडिया झारखंड 2026 का खिताब जीता है. उसने न केवल अपने शहर बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. इस उपलब्धि से जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है. श्रेया की सफलता युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है. मानगो निवासी श्रेया अग्रवाल रमेश अग्रवाल एवं शीतल अग्रवाल की पुत्री हैं.उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केएसएमएस स्कूल, जमशेदपुर से प्राप्त की. वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई कर रही हैं. पढ़ाई के क्षेत्र में भी श्रेया ने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.
जिला स्तर पर स्कॉलर का दर्जा हासिल किया
श्रेया ने बोर्ड परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर स्कॉलर का दर्जा हासिल किया था. स्कूल के दौरान उन्हें ऑल-राउंडर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया. श्रेया न केवल पढ़ाई में बल्कि खेल और कला के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं. वह राज्य स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं, जो उनके अनुशासन और मेहनत को दर्शाता है. इसके अलावा वह भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम में प्रशिक्षित हैं और एक कुशल ड्रॉइंग आर्टिस्ट भी हैं.
टॉप 30 में बनाई जगह
श्रेया अब देशभर के टॉप-30 प्रतिभागियों में अपनी जगह बना चुकी हैं. अब वह आगामी 18 अप्रैल को भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी, जहां 61वीं फेमिना मिस इंडिया का चयन किया जाएगा. श्रेया ने कहा कि फेमिना मिस इंडिया केवल एक खिताब नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है. अपने संस्कार, अपनी जड़ों और हर उस लड़की का प्रतिनिधित्व करने की, जो बड़े सपने देखती है.
श्रेया की इस उपलब्धि से झारखंडवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उन्हें समर्थन दें और वोट कर उनका हौसला बढ़ाएं.