जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 13 और 14 अप्रैल को कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ. इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच सामाजिक समावेशन, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. पहले दिन 13 अप्रैल को वाद-विवाद प्रतियोगिता और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. वाद-विवाद प्रतियोगिता में बीटेक के छात्र तौहीद खान ने प्रथम स्थान हासिल किया. पायल शीत ने द्वितीय और जीगिशा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विभा महतो प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि जीगिशा कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया. प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने अंबेडकर के विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया.
प्रबंधक निदेशक ने किया संबोधित
कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 अप्रैल को मुख्य अतिथि के रूप में स्वावलंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर के प्रबंधक निदेशक मनोज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. वहीं, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रतीक है. कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन केवल स्मरण का नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी है. उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारने की प्रेरणा दी.
कुलसचिव ने विचार व्यक्त किए
कार्यक्रम में कुलसचिव नागेंद्र सिंह और प्रो. नाजिम खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए. शहीद भगत सिंह ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और विश्वविद्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहे. अंत में विजेताओं को पुरस्कृत कर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया. यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक साबित हुआ.