जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान कथित अवैध वसूली के दो मामलों में पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए दो सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को निलंबित कर दिया है. दोनों मामलों की जांच ट्रैफिक डीएसपी स्तर पर कराई गई थी. इसमें दोनों एएसआई
पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए. ट्रैफिक डीएसपी के जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. पहला मामला साकची थाना क्षेत्र के थाना गेट के पास हुए वाहन जांच अभियान से जुड़ा है. आरोप है कि जांच के दौरान एक वाहन चालक को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई और प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने का हवाला देते हुए उससे रुपये की मांग की गई. चालक के पास नकद राशि नहीं होने पर साकची ट्रैफिक थाना में पदस्थापित आईएसआई शिवशंकर पासवान उससे ऑनलाइन भुगतान कराया गया. ऑनलाइन भुगतान एक दुकानदार के खाते में कराया गया. मामला 8 मई का था. बाद में चालक ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी. मामले की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित एएसआई को निलंबित कर दिया गया. वहीं, टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैफिक जांच के दौरान बाइक चालक से 10 हजार रुपए जुर्माना मांगने के आरोप में जुगसलाई ट्रैफिक थाना के एएसआई जय कुमार दास को भी निलंबित कर दिया गया है. आरोप के अनुसार, एएसआई द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े एक शिक्षक को बाइक जांच के दौरान रोका गया था. शिक्षक का कहना था कि सभी आवश्यक दस्तावेज दिखाने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक रोके रखा गया और बाद में 10 हजार रुपए की मांग की गई.
पोटका के विधायक संजीव सरदार से भी एएसआई ने फोन पर बात करने से मना कर दिया था. इसके बाद विधायक खुद मौके पर पहुंचे थे. जांच में एएसआई पर लगे आरोप सही पाए गए. ट्रैफिक डीएसपी द्वारा जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद एसएसपी ने एएसआई जय कुमार दास को भी निलंबित कर दिया. पुलिस विभाग का कहना है कि आम लोगों के साथ किसी भी प्रकार की अनुचित वसूली, दुर्व्यवहार या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.