जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संभालने वाला ट्रैफिक विभाग एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोपों से कटघरे में है. हेलमेट जांच और वाहन चेकिंग के दौरान कथित अवैध वसूली के मामले सामने आने के बाद दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निलंबन ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल, यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले छह वर्षों में जमशेदपुर पुलिस के कई अधिकारी और जवान भ्रष्टाचार, घूसखोरी, ड्यूटी में लापरवाही, अभद्र व्यवहार, यौन शोषण और पावर का दुरुपयोग जैसे आरोपों में निलंबित हो चुके हैं. बावजूद इसके ऐसे मामलों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है. खासकर ट्रैफिक जांच के दौरान वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं. ताजा कार्रवाई से यह साफ संकेत मिला है कि विभाग भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाने की कोशिश कर रहा है. लेकिन सवाल यह है कि लगातार निलंबन और विभागीय कार्रवाई के बावजूद घूसखोरी की प्रवृत्ति क्यों नहीं रुक रही है. आम लोगों का मानना है कि सिर्फ निलंबन नहीं, बल्कि दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की जरूरत है.
एक साथ 8 पुलिसकर्मी हुए थे सस्पेंड
जुगसलाई थाना में सैनिक सूरज राय और उसके चचेरे भाई विजय राय से जुगसलाई थाना में मारपीट हुई थी. इस मामले में पूर्व सैनिकों ने जमकर बवाल काटा था. मारपीट मामले में जुगसलाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सचिन कुमार दास, पांच दारोगा समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित. यह पहले मामला था जब पूरे थाना को ही सस्पेंड कर दिया गया था. वहीं, वरीय पुलिस अधिकारियों के नाम पर घुस मांगने जैसे मामले भी यहां आ चुके है. इसमें बिरसानगर के थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत 3 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया रहा.
जानिए कब और किनपर हुई कार्रवाई
9 अप्रैल 2020 -लॉकडाउन का उल्लंघन करने के दौरान हुई पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक के तालाब में कूदने और युवक की मौत के मामले में बिरसानगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा समेत दो पुलिस कर्मी मणिकांत सिंह (जेएसआइ) और जयकुमार (सिपाही) निलंबित.
27 जून 2020- अवैध तरीके से बालू परिवहन करने वाले लोगों से रिश्वत लेने के मामले में गुड़ाबांदा थाना प्रभारी भैयाराम उरांव को निलंबित किया गया.
14 जुलाई 2021- एक युवती से यौन शोषण के आरोप में बिरसानगर का दारोगा रवि रंजन निलंबित.
13 नवंबर 2021 - एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड से कैदी के भागने के मामले में जवान रामजी राम निलंबित.
9 जुलाई 2023- वरीय अधिकारियों के नाम पर घुस लेने के आरोप में बिरसानगर के थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई दीपक कुमार और मुंशी सस्पेंड.
27 जुलाई 2023: जुआ अड्डा पर छापेमारी में मिले रुपये का बंदरबांट करने के आरोप में साकची थाना में पदस्थापित तीन दारोगा दीपक मौर्या, राजा दिलावर, योगेश यादव, दो सिपाही अभिमन्यु सिंह, अवधेश राम निलंबित.
29 अगस्त 2023- गोलमुरी यातायात थाना के एएसआई राजकुमार यादव को बुजुर्ग महिला को परेशान करने के लिए निलंबित किया गया.
9 मार्च 2024- साकची पीसीआर में तैनात एएसआई ओम प्रकाश सिंह को टैक्सी स्टैंड के सामने जुस्को के बिजली कर्मचारी एवं आम जनता के साथ अभद्र भाषा एवं गलत व्यवहार करने पर निलंबित किया गया था.
9 मार्च 2024- गालूडीह नक्सल एरिया केसरपुर पिकेट के तीन कर्मी पशुपति महतो, साधनपाल एवं नारायण महतो लोगों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में सस्पेंड.
5 अप्रैल 2025- जुगसलाई थाना में सैनिक सूरज राय और उसके चचेरे भाई विजय राय से मारपीट मामले में जुगसलाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सचिन कुमार दास, पांच दारोगा समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित.
9 जून 2025: सिदगोड़ा में एक बाइक सवार व्यक्ति से बाइक की चाभी छीनने में ट्रैफिक पुलिस का जवान कुंदन कुमार सिंह निलंबित.
3 नवंबर 2025- महिला आरक्षी से छेड़छाड़ के आरोप में धालभूमगढ़ थाना प्रभारी पवन कुमार सस्पेंड.
18 जनवरी 2026- शहर में रात्रि गश्ती के दौरान सोते और लापरवाही बरतने के आरोप में पीसीआर-11 में एएसआई रोशन गुड़िया, हवलदार नंदलाल मुंडा, पीसीआर-9 में तैनात एएसआई संजय इंदुवार और जुगसलाई थाना क्षेत्र में गश्ती वाहन में तैनात दरोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक निलंबित.
25 मई 2026- हेलमेट चेकिंग के दौरान घुस मांगने के आरोप में साकची ट्रैफिक थाना में पदस्थापित आईएसआई शिवशंकर पासवान और जुगसलाई ट्रैफिक थाना के एएसआई जय कुमार दास सस्पेंड.