✕
  • News Update
  • Trending
  • Jharkhand
  • Bihar
  • Politics
  • Business
  • Sports
  • National
  • Crime Post
  • Life Style
  • Health Post
  • Foodly Post
  • TNP Special Stories
  • Big Stories
  • Know your Neta ji
  • Entertainment
  • Know Your MLA
  • Art & Culture
  • Tour & Travel
  • Local News
  • Special Stories
  • TNP Photo
  • Techno Post
  • covid -19
  • LS Election 2024
  • TNP Explainer
  • International
  • Blogs
  • Education & Job
  • Special Story
  • Religion
  • Top News
  • Latest News
  • Lok Sabha Chunav 2024
  • YouTube
☰
  1. Home
  2. /
  3. News Update

जमशेदपुर:15 साल से नारकीय जीवन जी रहे हैं परसुडीह लाइन टोला के लोग, सड़क बनी तालाब

BY -
Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Copy Editor • TheNewsPost.in
PublishedAt: May 25, 2026, 3:23:54 PM

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):परसुडीह रेलवे फाटक के समीप स्थित लाइन टोला के लोग वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर है. क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. हालात इतने खराब है कि सड़क अब सड़क नहीं बल्कि तालाब जैसी नजर आने लगी है. गंदे पानी से भरी सड़क पर लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 15 वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.

मच्छरों और गंदगी से बढ़ रहा बीमारी का खतरा

एक ओर जहां जमशेदपुर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है और तापमान 43 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है, वहीं लाइन टोला क्षेत्र में सड़क पर लगातार गंदा पानी बह रहा है. बदबू और जलजमाव के कारण लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि बरसात तो दूर, गर्मी के दिनों में भी सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है.स्थानीय महिलाओं ने बताया कि गंदगी और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है. एक महिला ने बताया कि मच्छरों के काटने के कारण वह फलेरिया जैसी गंभीर बीमारी की शिकार हो चुकी हैं. इसके बावजूद अब तक न तो सफाई की व्यवस्था हुई और न ही नाली या सड़क निर्माण का कोई स्थायी कार्य किया गया.

लोगों ने कई बार की शिकायत

 लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में गंदा पानी जमा रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके है.इसी समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक, क्षेत्र की मुखिया सनी सोरेन और सेवा ही लक्ष्य संस्था के अध्यक्ष मानिक मलिक ने क्षेत्र का दौरा किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और जलजमाव वाली सड़क का निरीक्षण किया.

आंदोलन की चेतावनी

जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक ने कहा कि यह क्षेत्र रेलवे विभाग के अधीन आता है, जिसके कारण विकास कार्यों में कई तरह की अड़चनें आती है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से रेलवे विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा. वहीं मुखिया सनी सोरेन ने कहा कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है और इस दिशा में लगातार पहल की जाएगी.सेवा ही लक्ष्य संस्था के अध्यक्ष मानिक मलिक ने कहा कि लाइन टोला की स्थिति बेहद चिंताजनक है. वर्षों से लोग गंदगी और जलजमाव के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं. उन्होंने प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की. वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. लोगों की मांग है कि क्षेत्र में स्थायी नाली निर्माण, सड़क मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा

Tags:JamshedpurParsudihWaterloggingRoadProblemJharkhandNewsCivicIssueLineTolaDrainageIssueMosquitoMenaceFilariasisBadRoadsPublicHealthRailwayAreaGroundReportResidentsProtestInfrastructureCrisisLocalNewsCivicNegligence

© Copyrights 2023 CH9 Internet Media Pvt. Ltd. All rights reserved.